Saturday, December 31, 2011

हर प्राणी सुख पाए नए साल में

कुछ ऐसा हो जाए  नए साल में |
मानवता मुस्काये  नए साल में |
भूखा कोई न सोये, इंसान  यहाँ ,
हर प्राणी सुख पाए नए साल में |
....   ......    ......   ......   ......  .....
नव वर्ष की बहुत-बहुत हार्दिक शुभकामनायें .......

Friday, December 16, 2011

तीर से ना कमान से पूँछव

                      अवधी-गीतिका 

पूँछा चाहव  तौ शान से पूँछव |
देश  के   हुक्मरान   से पूँछव |

राजा  अन्दर-चिदंबरम बाहर,
चाल ! हाई कमान  से  पूँछव |

देश  माँ  बेईमानी  केतनी  है ?
पहिले अपने ईमान से पूँछव |

घाव पायन तौ सिर्फ अपनेन से,
तीर  से  ना  कमान   से  पूँछव |

देशभक्ती कै  काव मतलब है,
कौनों सीमप जवान से पूँछव |

तीर   कैसन  लगा  करेजे मा ,
कामिनी  के कमान से पूँछव |

हारे   नेता  कै  हाल   कैसन  है,
कौनौ कूकुर -किरान से पूँछव |

Thursday, December 1, 2011

(रिपोस्ट ..यह लघुलेख फरवरी २०११ में पोस्ट किया था | मन की आवाज़ पर पुनः पोस्ट कर रहा हूँ |)


लोकतंत्र को निगल गया भ्रष्टाचार का अजगर ..

हाँ ! मैं देख रहा हूँ | क्या आपने नहीं देखा ? आप भी देख रहे हैं | हम सब देख रहे हैं , मगर तमाशबीन की तरह | कुछ करना  भी चाहें तो क्या करें ? सिर्फ हो-हल्ला ही तो मचा सकते हैं | मचा भी रहे हैं मगर कोई असर नहीं |
हाँ , तो हम सबने देखा - काफी समय पहले से जिस भ्रष्टाचार के भीमकाय भयंकर अजगर ने  देश के लोकतंत्र को निगलना शुरू किया था , अब पूरा का पूरा निगल गया - सिर से पाँव तक ! लोकतंत्र अब अजगर के पेट में है | वह अजगर की आँखों से ही थोडा-बहुत बाहर देख लेता है , उसी की साँस पर जिन्दा है ,बाहर आने को छटपटाता है | अजगर के पेट में फँसा बेचारा हाथ-पाँव मारता है मगर दूसरे ही पल आँखें मूँद लेता है | एक आम आदमी की तरह मौत से जूझ रहा है - बेचारा बेबस लोकतंत्र ! लगता है कि अब जान गई कि तब , पर दूसरे ही क्षण वह फिर हरकत में आ जाता है | मृतप्राय है पर जिजीविषा बाकी है |
     क्या कोई चमत्कार होगा ? कोई मसीहा आएगा इसे बचाने ? कौन फाड़ेगा अजगर का पेट ? पेट फाड़कर लकवाग्रस्त हो चुके लोकतंत्र को बड़ी सावधानी से बाहर निकालेगा,उसके क्षतिग्रस्त अंगों की मरहम-पट्टी  करेगा , खुली हवा में बाहर घुमायेगा | धीरे-धीरे घायल लोकतंत्र स्वस्थ हो जायेगा | तब वह बेचारा नहीं रहेगा  |
अगर फिर कभी अजगर  उसे दुबारा निगलने का प्रयास करेगा तो वह अपनी चारों बलिष्ठ भुजाओं से उसके जबड़ों को पकड़कर फाड़ देगा | भ्रष्टाचार का अजगर हमेशा-हमेशा के लिए ख़त्म हो जायेगा | लोकतंत्र की घर-गृहस्थी फिर से बसेगी, उसके आँगन में बच्चों की किलकारियाँ गूँजेगी और वह बड़ी शान से सीना चौड़ा करके पूरे संसार को अपनी बलिष्ठता और स्वतंत्रता की चुनौती  देगा |